वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा : पेट्रोल भरवाने निकले दो जिगरी दोस्तों की पिकअप से टक्कर, दोनों की मौत

जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, तभी गजापुर के पास सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
 

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, तभी गजापुर के पास सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

शेरवानीपुर निवासी सतीश (24 वर्ष) और पतेर गांव निवासी मूलचंद (24 वर्ष) बेहद घनिष्ठ मित्र थे। रविवार सुबह दोनों किसी काम से निकले थे और रास्ते में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान गजापुर के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो युवाओं की मौत से शेरवानीपुर और पतेर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और मृतकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।