वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी बस, चालक समेत कई घायल, मची चीख-पुकार
- मिर्जामुराद के मेहंदीगंज में नेशनल हाईवे पर भोर में हुआ हादसा
- मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर पश्चिम बंगाल लौट रहे थे करीब 60 श्रद्धालु
- टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की भोर भीषण सड़क हादसा हो गया। मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर पश्चिम बंगाल लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस चालक समेत करीब 22 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे 60 श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णागंज थाना क्षेत्र स्थित मजदिया गांव के करीब 60 श्रद्धालु 28 अक्टूबर को बस संख्या WB-51-A-4436 से मथुरा-वृंदावन दर्शन करने गए थे। दर्शन-पूजन के बाद सभी श्रद्धालु उसी बस से अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार की भोर बस वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित मेहंदीगंज गांव के समीप पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
जोरदार टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार घायल यात्रियों की मदद शुरू की।
हादसे में घायल हुए पश्चिम बंगाल के श्रद्धालु
दुर्घटना में श्यामोली सिंगोराय (60), लीना देन (54), शुक्ला विस्वा (55), पूर्णिमा सिगदार (55), शपन दास (35), शेफाली दास (59), दुर्गा कर (62), माला सददर (39), झूमा रानी (51), गौरी शंकर सरकार (32), शुकेश बिस्वास (67), गौरी शंकर सरकार (72), लोक्खी गोस (52), नमिता बाला (55), छोटून मौलिक (52), गुरु दासी सरकार (57), बिशाखा दास (53), वनिता बोड्डो (54), लक्ष्मी बोस (56) और राखी सिंघा राय (44) समेत कुल 22 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
खजूरी चौकी प्रभारी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही खजूरी चौकी प्रभारी जगदंबा सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
क्रेन से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त बस, यातायात हुआ सामान्य
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया।
बस हटाए जाने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। बस के अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकराने की बात बताई जा रही है।