वाराणसी : जमीन दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड रेलकर्मी से 60 लाख की ठगी, रिश्तेदार समेत चार पर मुकदमा

लंका थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से 60 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से 60 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मारुति नगर निवासी एवं मूल रूप से चंदौली के कंदवा क्षेत्र के रहने वाले सेवानिवृत्त रेलकर्मी भीमसेन सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके रिश्तेदार गोबिंद सिंह ने वाराणसी में दो बिस्वा जमीन दिलाने का भरोसा देकर उनसे बड़ी रकम ले ली। शिकायत के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व गोबिंद सिंह ने कम समय में जमीन का सौदा पूरा कराने का आश्वासन दिया था। रिश्तेदारी और विश्वास के आधार पर भीमसेन सिंह ने कथित रूप से उसे 60 लाख रुपये दे दिए।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जमीन का बैनामा कराने का आश्वासन देता रहा, लेकिन न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही धनराशि वापस की गई। जब उन्होंने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने फोन कॉल का जवाब देना भी बंद कर दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस पूरे मामले में गोबिंद सिंह के साथ तीन अन्य अज्ञात लोगों की भी भूमिका रही, जिन्होंने कथित रूप से जमीन दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए लंका पुलिस ने गोबिंद सिंह और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। 

थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। रिश्तेदारी में विश्वास का फायदा उठाकर कथित ठगी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी।