वाराणसी : मैगी न मिलने पर रेस्टोरेंट में बवाल, कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़, कार में लगाई आग

कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली और चांदमारी इलाके में मैगी नहीं मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी तक पहुंच गया। आरोप है कि करीब 15 युवकों ने एक रेस्टोरेंट में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और मारपीट की गई। बाहर खड़ी एक कार में भी आग लगा दी गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
 

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली और चांदमारी इलाके में मैगी नहीं मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी तक पहुंच गया। आरोप है कि करीब 15 युवकों ने एक रेस्टोरेंट में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और मारपीट की गई। बाहर खड़ी एक कार में भी आग लगा दी गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि युवकों का एक समूह रेस्टोरेंट में मैगी खाने पहुंचा था। मैगी उपलब्ध नहीं होने की बात कहने पर युवकों और रेस्टोरेंट संचालक के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते युवकों ने रेस्टोरेंट में हंगामा शुरू कर दिया और सामान में तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।

आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक कार को भी निशाना बनाया। कार में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, दूसरे रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारी को रास्ते में घेर लिया और हॉकी से उसकी पिटाई कर दी। इस घटना को लेकर भी पुलिस को शिकायत दी गई है।

रेस्टोरेंट संचालक ने आरोप लगाया कि युवकों ने उससे पांच हजार रुपये की रंगदारी की मांग की थी। दोनों रेस्टोरेंट संचालकों की ओर से कैंट पुलिस को अलग-अलग तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।