वाराणसी : रोडवेज में 23 महिला परिचालकों की भर्ती, गृह जनपदों में नियुक्ति, सुरक्षा को इमरजेंसी नंबर

उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने वाराणसी परिक्षेत्र में 23 महिला परिचालकों की भर्ती की है। प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत महिला परिचालकों को यह मौका दिया गया है। चयनित महिलाओं को संविदा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। सभी ने अपनी ड्यूटी शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने वाराणसी परिक्षेत्र में 23 महिला परिचालकों की भर्ती की है। प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत महिला परिचालकों को यह मौका दिया गया है। चयनित महिलाओं को संविदा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। सभी ने अपनी ड्यूटी शुरू कर दी है।

30 आवेदनों में से 23 का चयन
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि महिला परिचालकों की नियुक्ति के लिए 18 जुलाई को 30 फॉर्म जमा हुए थे। इनमें से 23 महिलाओं के दस्तावेज नियमानुसार सही पाए गए, जिसके आधार पर उन्हें संविदा पर नियुक्त किया गया। यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

गृह जनपद में ड्यूटी, सुरक्षा के लिए इमरजेंसी नंबर
परशुराम पांडेय ने बताया कि सभी महिला परिचालकों को उनके गृह जनपद में ही ग्रामीण क्षेत्र की बसों में नियुक्त किया गया है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इन परिचालकों को प्रतिदिन 8 घंटे की ड्यूटी करनी होगी। उनकी सुरक्षा के लिए एक इमरजेंसी नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके जरिए वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

आजमगढ़ और वाराणसी की महिलाओं की अधिक भागीदारी
इस भर्ती में आजमगढ़ और वाराणसी की महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि यह नियुक्ति प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का हिस्सा है, जो महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर उनके सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य कर रही है। चयनित महिला परिचालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त बनाएगा।