वाराणसी : घर के बाहर गंदगी करने पर पिल्ले को मारी गोली, घटना से लोगों में आक्रोश
वाराणसी। खजूरी क्षेत्र के इंद्रानगर कॉलोनी में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि कॉलोनी के एक व्यक्ति ने एक मासूम पिल्ले को एअर गन से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिल्ले ने आरोपी के मकान के सामने गंदगी कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर एअर गन से उस पर फायर कर दिया। गोली लगने के बाद पिल्ला काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा। मौके पर मौजूद गार्ड और कॉलोनीवासियों ने घायल पिल्ले को बचाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपी के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की अमानवीयता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।