वाराणसी : अवलेशपुर में सड़क की बदहाली के खिलाफ जनाक्रोश, मरम्मत की मांग
वाराणसी। शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति और नगर निगम की कथित लापरवाही के खिलाफ रविवार को अवलशपुर क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने जनाक्रोश मार्च निकाला। सुबह करीब दस बजे आयोजित मार्च में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। लोगों ने सड़क की जर्जर हालत, जगह-जगह बने गड्ढों और बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाके की मुख्य सड़क और गलियों की स्थिति लंबे समय से खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर सतह पूरी तरह टूट चुकी है। इसी मार्ग से प्रतिदिन स्थानीय नागरिकों के अलावा विद्यार्थी, महिलाएं, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में दोपहिया व चार पहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है। वहीं, कई स्थानों पर जलभराव और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक जर्जर सड़क के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को धूल, कीचड़ और गंदगी की समस्या भी झेलनी पड़ती है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया।
मार्च के दौरान लोगों ने मांग की कि सड़क की तत्काल जांच कराकर गड्ढों को भरने के साथ स्थायी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है तथा गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।