वाराणसी : शहर में ऊर्जा मंत्री का दौरा, अफसरों को अघोषित कटौती रोकने की नसीहत के बावजूद कटती रही बिजली, 45 डिग्री तापमान में उपभोक्ता रहे बेहाल
वाराणसी। गर्मी में शहर में बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। कई इलाकों में अघोषित कटौती का दौर जारी है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शनिवार को शहर में मौजूद रहे। सर्किट हाउस में मीटिंग कर अफसरों को ट्रिपिंग रोकने की नसीहत देते रहे, लेकिन शहर की कई कॉलोनियों में बिजली नदारद रही। खपत बढ़ने से दिन के साथ ही रात में भी अघोषित कटौती की गई। इससे 45 डिग्री की भीषण गर्मी में उपभोक्ता बेहाल रहे। अघोषित कटौती को लेकर दिनोंदिन लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
शुक्रवार रात करीब 11:55 बजे शहर के आधे हिस्से में अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। कई इलाकों में सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। दिन के समय भी तीन से चार घंटे के अंतराल पर चार से पांच बार बिजली कटौती की गई, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पांडयेपुर, शिवपुर, चोलापुर, हुकुलगंज, लोहता, रोहनिया समेत कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग और अघोषित कटौती का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से हालात और खराब हो गए हैं। घरों में पानी की समस्या बढ़ गई है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना हुआ है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, कई जगह ट्रांसफॉर्मरों पर अधिक लोड पड़ने के कारण फाल्ट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कुछ स्थानों पर तारों में खराबी और जर्जर नेटवर्क भी बिजली आपूर्ति में बाधा बन रहा है। रात में कर्मचारी ट्रांसफॉर्मरों का लोड जांचते और फाल्ट दुरुस्त करते नजर आए, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो सकी।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही हालात सामान्य होंगे। इसके बावजूद लोगों में आक्रोश बना हुआ है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।