वाराणसी : गंगा की लहरों पर तैरता पुलिस थाना तैयार, अब जल क्षेत्र में भी दर्ज होगी एफआईआर, चार रेस्क्यू टीमें तैनात
40 मीटर लंबा और नौ मीटर चौड़ा फ्लोटिंग स्टेशन बना आधुनिक कमांड सेंटर, जरूरत पड़ने पर घटनास्थल तक पहुंचेगा पूरा थाना
वाराणसी। काशी में अब गंगा की लहरों पर भी पुलिसिंग की सुविधा मिलेगी। नदी में तैरता हुआ आधुनिक पुलिस थाना और वाटर रेस्क्यू स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। देव दीपावली के अवसर पर इसकी औपचारिक शुरुआत की जाएगी। खास बात यह है कि यह व्यवस्था किसी एक पर्व तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सालभर गंगा में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नाविकों की सुरक्षा के लिए सक्रिय रहेगी। अब जल क्षेत्र में होने वाली घटनाओं में पीड़ितों को मदद के लिए थाने तक नहीं जाना होगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर पुलिस का यह तैरता थाना खुद घटनास्थल तक पहुंचेगा। यहां जल क्षेत्र से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा भी मिलेगी।
यह फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन जल पुलिस का चलता-फिरता आधुनिक कमांड सेंटर होगा। इसमें दो शक्तिशाली इंजन लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे स्टेशन को एक घाट से दूसरे घाट या गंगा की बीच धारा में घटनास्थल तक ले जाया जा सकेगा। किसी आपात स्थिति में सूचना मिलते ही सबसे पहले तेज रफ्तार रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचेगी और राहत-बचाव कार्य शुरू करेगी।
50 से अधिक पुलिसकर्मियों की क्षमता
करीब 40 मीटर लंबे और नौ मीटर चौड़े इस फ्लोटिंग स्टेशन पर एक साथ 50 से अधिक जल पुलिसकर्मियों के रहने की क्षमता है। इसके चारों कोनों पर नाइट विजन कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से रात के अंधेरे में भी गंगा के जल क्षेत्र की निगरानी की जा सकेगी। इसके साथ वाटर एंबुलेंस, गोताखोर और हाईस्पीड बचाव नौकाएं भी तैनात रहेंगी। इससे नदी के बीच ही दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में पीड़ित को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होगी।
चार टीमें संभालेंगी मोर्चा
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन में चार राहत एवं बचाव टीमें आधुनिक उपकरणों के साथ तैनात रहेंगी। इससे गंगा में होने वाली किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में पुलिस और बचाव दल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। त्वरित कार्रवाई से लोगों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के गंगा घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए इस व्यवस्था को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, इसकी उपयोगिता केवल पर्व के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष गंगा में नौका संचालन और जल क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में होगी।