वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़े तीन लुटेरे, ऑटो, दो मोबाइल और नकदी बरामद
वाराणसी। अपराध नियंत्रण के लिए कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत मंडुवाडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में मंडुवाडीह पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपी शिवदासपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात करीब 9:15 बजे ब्लॉक रोड, शिवदासपुर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवदासपुर निवासी अनिल बिंद, नई बस्ती शिवदासपुर निवासी अमन गोस्वामी, बिहार के छपरा जनपद निवासी अवधेश कुमार उर्फ आयान शामिल हैं, जो वर्तमान में मंडुवाडीह क्षेत्र के आदर्श नगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाना मंडुवाडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर थाना मंडुवाडीह में मुकदमा अपराध संख्या 344/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, 2120 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव, उपनिरीक्षक सत्यानंद यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।