वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर, चोरी की चार स्कूटी बरामद
वाराणसी। भेलूपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को संकुलधारा पोखरा के पीछे से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल विश्वकर्मा पुत्र राजकुमार विश्वकर्मा, उम्र 25 वर्ष, के रूप में हुई है। वह शिल्पी सिनेमा, खोजवां के पास रवि शास्त्री के मकान में किराये पर रहता है। पुलिस ने उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक भेलूपुर थाने में एक वादी की स्कूटी चोरी होने के मामले में मुकदमा संख्या 0521/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार स्कूटी बरामद की हैं। इनमें यूपी65एफएम5607, यूपी65डीए0471, यूपी65सीएक्स8065 और यूपी65बीवाई0295 नंबर की स्कूटी शामिल हैं। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच कर रही है कि इन्हें कहां से चोरी किया गया था और इनकी चोरी के पीछे आरोपी की क्या भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार विशाल विश्वकर्मा के खिलाफ भेलूपुर और चेतगंज थाने में वाहन चोरी से संबंधित तीन अन्य मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड संदीप कुमार सिंह, चौकी प्रभारी खोजवां मनोज कुमार चौहान समेत 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे।