वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता, गुरुग्राम से बरामद किए लाखों के जेवर और नकदी

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बोलीया-लहरतारा इलाके से लापता हुई महिला के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुरुग्राम स्थित सेक्टर-51 क्षेत्र में छापेमारी कर महिला के पास से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और एक आईफोन बरामद किया है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बोलीया-लहरतारा इलाके से लापता हुई महिला के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुरुग्राम स्थित सेक्टर-51 क्षेत्र में छापेमारी कर महिला के पास से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और एक आईफोन बरामद किया है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

महिला 27 अप्रैल को बोलीया-लहरतारा इलाके से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि वह किसी परिचित युवक के साथ चली गई है। इसके बाद मंडुवाडीह थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए महिला की लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर एक टीम गुरुग्राम पहुंची।

पुलिस टीम ने गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित एक पीजी में छापेमारी कर महिला को बरामद कर लिया। जांच के दौरान महिला के पास से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी बरामद की गई। बरामद सामान में दो कंगन, मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट, बिछिया, अंगूठियां, चांदी समेत पीली और सफेद धातु के कई आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा करीब 21 लाख 27 हजार 600 रुपये नकद और एक आईफोन भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला अभी जांच के दायरे में है और यह पता लगाया जा रहा है कि महिला अपने साथ इतनी बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी लेकर क्यों गई थी। पुलिस इस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।