वाराणसी : पुलिस ने जुए के अड्डे पर मारा छापा, छत से कूद पड़े जुआरी, दो घायल, 98 हजार नकदी बरामद, एक धराया
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की ओमनगर कॉलोनी में रविवार को एसओजी-2 और लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जुए के अड्डे पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जुआ खेल रहे कई लोग पुलिस को देखते ही मौके से भागने लगे। इस दौरान दो लोगों ने छत से नीचे छलांग लगा दी, जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, ओमनगर कॉलोनी में एक स्थान पर जुए का फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी-2 और लालपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद करीब 10 से 12 लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।
भागने के दौरान दो लोगों ने पुलिस से बचने के लिए छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से दोनों को चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल भेजा। उनकी स्थिति और पहचान के संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। पुलिस ने जुए के फड़ से 98 हजार रुपये नकद और तीन ताश की गड्डियां बरामद की हैं। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कॉलोनी में जुए का फड़ कब से संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।