बकरीद को लेकर वाराणसी पुलिस हाईअलर्ट, ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, मस्जिदों में ही पढ़ी जाएगी नमाज, निर्धारित स्थलों पर ही होगी कुर्बानी

बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को गोदौलिया चौराहा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिये संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जाएगी। बकरीद की नमाज मस्जिदों में ही पढ़ी जाएगी। वहीं निर्धारित स्थलों पर ही पशुओं की कुर्बानी दी जाएगी। 
 

वाराणसी। बकरीद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को गोदौलिया चौराहा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिये संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जाएगी। बकरीद की नमाज मस्जिदों में ही पढ़ी जाएगी। वहीं निर्धारित स्थलों पर ही पशुओं की कुर्बानी दी जाएगी। 

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि बकरीद की नमाज केवल निर्धारित मस्जिदों के भीतर ही अदा की जाएगी। सड़क पर नमाज पढ़ने की किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी स्थान पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है तो वहां प्रशासन द्वारा दो शिफ्ट में नमाज अदा कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भीड़ नियंत्रण बना रहे और कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल निजी स्थानों या पारंपरिक निर्धारित स्थलों पर ही की जाएगी। किसी भी प्रकार की सार्वजनिक जगह पर कुर्बानी करने पर सख्त रोक रहेगी। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में पुलिस फोर्स लगातार गश्त करेगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है, जिससे ऊपर से भी निगरानी रखी जा सके। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी, जबकि सीसीटीवी कैमरों की मदद से कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि बकरीद के अवसर पर लगभग 600 स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी, जिन सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

सोशल मीडिया को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि कई बार लोग कुर्बानी या पर्व से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर देते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि इस प्रकार के संवेदनशील वीडियो पोस्ट न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।