वाराणसी : देव दीपावली पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर, रेलवे स्टेशन से गंगा घाटों तक सघन चेकिंग अभियान
वाराणसी। देव दीपावली के भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए काशी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से लेकर रेलवे स्टेशन तक निगरानी बढ़ा दी है। एहतियातन विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वर्दीधारी जवानों के साथ सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
एसीपी चेतगंज शुभम जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रही है। रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि, अवांछित घटना या सुरक्षा संबंधी चूक की आशंका को समय रहते समाप्त करना है।
एसीपी ने बताया कि देव दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। अलग-अलग स्थानों पर पिकेट ड्यूटी और चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इसके अलावा रैंडम चेकिंग, स्पॉट इंस्पेक्शन और एक साथ कई स्थानों पर निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध पटाखों की तस्करी पर भी नजर
पुलिस की निगरानी का एक प्रमुख केंद्र अवैध पटाखों की तस्करी और प्रतिबंधित वस्तुओं का आवागमन भी है। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध सामान और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। सादी वर्दी में तैनात जवान भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
एसीपी ने नागरिकों और श्रद्धालुओं को देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे स्वयं अथवा दूसरों की सुरक्षा प्रभावित हो। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैद रहेंगी।