वाराणसी : पुलिस ने रुकवाया कार्यक्रम, निवेश में करोड़ों की कथित धोखाधड़ी के आरोपों की जांच शुरू
वाराणसी। शहर के नागरी नाटक मंडली सभागार में रविवार को आयोजित होने जा रहे एक ज्वेलर्स कंपनी के एक कार्यक्रम को पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर रुकवा दिया। कंपनी के खिलाफ पहले से प्राप्त कथित आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के खिलाफ पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी ने गोल्ड, कैशबैक और नेटवर्क मार्केटिंग योजनाओं के नाम पर लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया। निवेशकों को निर्धारित अवधि में राशि दोगुनी करने, सोना उपलब्ध कराने और अन्य आकर्षक लाभ देने का दावा किया गया, लेकिन बाद में वादों के अनुरूप भुगतान नहीं किया गया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना रहा कि वर्ष 2020 में कंपनी ने नेटवर्क मार्केटिंग मॉडल के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया। आरोप है कि शुरुआती चरण में कुछ निवेशकों को भुगतान कर भरोसा कायम किया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। पीड़ितों का दावा है कि अब उन्हें न तो उनकी निवेश राशि वापस मिल रही है और न ही वादा किया गया सोना या अन्य लाभ।
शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्ष 2023 में कंपनी की योजना में स्वयं निवेश करने के साथ कई अन्य लोगों को भी जोड़ा। उनके अनुसार, उनकी टीम का करीब 90 लाख रुपये और लगभग 300 ग्राम सोना कंपनी पर बकाया है। शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि कंपनी ने कई मामलों में जीएसटी बिल जारी नहीं किए तथा टीडीएस की कटौती के बावजूद उसे संबंधित विभाग में जमा नहीं कराया।
शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आयोजन रुकवा दिया और कंपनी से जुड़े लोगों तथा मौजूद निवेशकों से पूछताछ शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, कंपनी के दस्तावेजों, निवेश योजनाओं और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध आर्थिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।