वाराणसी : शातिर लुटेरे से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, 4 दिन पहले महिला से लूटी थी चेन
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर चौराहे के समीप गुरुवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को बड़ालालपुर के खुशहाल नगर क्षेत्र में महिला से हुई लूट की घटना के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को शशि भूषण के हरिहरपुर चौराहे के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा, चांदमारी चौकी प्रभारी आमिर बहादुर सिंह, एसआई विद्यासागर समेत पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। घायल की पहचान शशि भूषण पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जिला रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शशि भूषण 24 अगस्त को खुशहाल नगर में महिला प्रिया सिंह के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल था। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया था, जिससे उनके सिर में चोट आई थी। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन छीनकर आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से लूटी गई सोने की चेन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक अवैध असलहा, खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा गिरोह ने इससे पहले कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।