वाराणसी : रिजर्व पुलिस लाइन का पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, अनुशासन, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, अनुशासन, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने शासन से स्वीकृत महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि पुलिस लाइन के सामने पूर्व मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) परिसर में लगभग 64 करोड़ रुपये की लागत से नए कमिश्नरेट भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों के लिए 34 करोड़ रुपये की लागत से 32 आवासों का निर्माण कराया जाएगा। वीआईपी ड्यूटी पर आने वाले राजपत्रित अधिकारियों के लिए छह कमरों वाले ट्रांजिट हॉस्टल तथा उपनिरीक्षक रैंक के कर्मचारियों के लिए टाइप-2 आवासों का निर्माण भी प्रगति पर है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में निर्मित 1.5 करोड़ रुपये की लागत वाले मीटिंग हॉल, 100 कर्मचारियों की क्षमता वाले बैरक, 500 पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग के लिए बनाए गए सभागार तथा बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार कार्यों का भी अवलोकन किया। साथ ही पुलिस लाइन स्थित सरोवर के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, क्रिकेट ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने और मेस में ऑटोमैटिक रोटी मेकिंग प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

रेडियो शाखा परिसर में गंदगी पाए जाने पर पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रभारी को तत्काल सफाई कराने और भविष्य में परिसर को पूरी तरह स्वच्छ बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने पुलिस लाइन के सभी आंतरिक मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि पूरे परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा चिल्ड्रेन पार्क, परेड ग्राउंड, आदर्श बैरक, आरओ प्लांट और अन्य सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर नियमित अनुरक्षण और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों के पालन और निर्धारित समय सीमा में उन्हें पूरा कराने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।