मोहर्रम को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट, पुलिस कमिश्नर और डीएम ने किया फ्लैग मार्च

 

वाराणसी। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शहर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दालमंडी, चौक, रमापुरा, गिरिजाघर, आदमपुर तथा नवनिर्मित ओवरब्रिज क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, ताजिया कमेटियों और आयोजकों से संवाद कर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। इसके अलावा आशापुर एवं लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र में भी ताजिया जुलूस मार्गों, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक रूट और सुरक्षा इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नई परंपरा या नए मार्ग से ताजिया जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। सभी जुलूस केवल पारंपरिक एवं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानक 10 फीट तक ही सीमित रहेगी।

प्रशासन ने निर्देश दिया कि जुलूसों में डीजे, ढोल-ताशा आदि की ध्वनि निर्धारित 45 से 55 डेसिबल मानक के अनुरूप ही रहेगी। किसी भी प्रकार के भड़काऊ या उत्तेजक गीत बजाने पर संबंधित आयोजक और डीजे संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, हथियारों का प्रदर्शन, करतब या किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

हर ताजिया के लिए उत्तरदायी समिति का गठन अनिवार्य किया गया है, जिसकी जवाबदेही तय होगी। जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से की जाएगी। पुलिस बल बॉक्स फॉर्मेशन में तैनात रहेगा, जबकि आयोजकों को स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या में तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने ताजिया स्थलों पर स्वयंसेवकों की निगरानी व्यवस्था और यथासंभव सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी। संवेदनशील स्थलों पर पैरामिलिट्री बल की तैनाती, विशेष बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।

प्रशासन ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना, सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले पोस्ट, शस्त्र प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन योजना भी लागू की जाएगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने सभी नागरिकों से मोहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की।