वाराणसी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, रामनगर में मुठभेड़ में आरोपी को पकड़ा, 10 साल के मासूम की कर दी थी हत्या
वाराणसी। मां से अवैध संबंधों के चक्कर में 10 वर्षीय मासूम की हत्या के आरोपी के साथ सोमवार की देर रात रामनगर में पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें आरोपी को पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। कमिश्नरेट पुलिस ने एक ही रात में दूसरा एनकाउंटर किया। लंका थाना क्षेत्र के नुआंव में भी बदमाश को मुठभेड़ में पकड़ा गया।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि एक दिन पहले रामनगर में 10 साल के मासूम की हत्या की गई थी। इसके आरोप में फैजान नामक व्यक्ति को पकड़ा गया था। सोमवार की रात पुलिस उसे घटनास्थल पर ले गई थी। उसी दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने कुबूल किया कि लड़के की मां के साथ उसके अवैध संबंध थे और बालक इसमें बाधा बन रहा था। इसलिए बच्चे को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।