वाराणसी : चाय की दुकान की आड़ में रात में बेचते थे महंगी शराब, पुलिस ने दो को पकड़ा, भारी मात्रा में शराब-बियर बरामद
वाराणसी। शहर में अवैध रूप से शराब और बियर की बिक्री पर कार्रवाई करते हुए कैंट पुलिस ने दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब और बियर बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मॉडल शॉप से शराब खरीदकर रात 10 बजे के बाद अधिक कीमत पर ग्राहकों को बेचते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
सिगरा एसओ शिवाकांत मिश्रा के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयनगरम मार्केट स्थित एक चाय की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब और बियर बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कैंट पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें और बियर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शहर की मॉडल शॉप से वैध रूप से शराब खरीदते थे और दुकानों के बंद होने के बाद रात 10 बजे के बाद जरूरतमंद ग्राहकों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचते थे। देर रात शराब की उपलब्धता न होने का फायदा उठाकर वे लंबे समय से यह अवैध कारोबार चला रहे थे। चाय की दुकान को उन्होंने इस धंधे का सुरक्षित ठिकाना बना रखा था, जिससे किसी को आसानी से शक न हो।
पुलिस ने बरामद शराब और बियर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी बड़े नेटवर्क से संबंध तो नहीं है और वे कब से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध शराब बिक्री और ओवररेटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध रूप से शराब की बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।