वाराणसी पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को पकड़ा, पुलिस टीम को 25 हजार इनाम, समीर सिंह की गोली मारकर हुई थी हत्या

बड़ागांव थाना क्षेत्र में युवक समीर सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का गोमती जोन पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की। 
 

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में युवक समीर सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का गोमती जोन पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम को 25 हजार इनाम देने की घोषणा की। 

पुलिस के अनुसार 25 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच दयालपुर गांव के पास यह घटना हुई थी। उस समय कुछ युवकों का रामू यादव और अभिषेक यादव से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान रामू यादव को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान भागते समय हमलावरों ने एक अन्य बालक समीर सिंह को भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रामू यादव का उपचार कराया गया और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के संबंध में थाना बड़ागांव पर मुकदमा संख्या 0525/2025 विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 जनवरी 2026 को तीन अभियुक्तों करन प्रजापति, प्रेमशंकर पटेल और शुभम मौर्य उर्फ लालू मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी थाना बड़ागांव क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि घटना वाले दिन वे अपने अन्य साथियों के साथ जंसा क्षेत्र में शराब पार्टी के बाद लौट रहे थे। दयालपुर गांव के पास एक बाग के समीप पेशाब के लिए रुकने के दौरान पीछे से आ रही एक गाड़ी से टक्कर हो गई, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी झगड़े के दौरान गोली चल गई, जिसमें पहले रामू यादव और बाद में समीर सिंह को गोली लगी। भय के कारण आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में संदीप यादव, दीपक यादव, मनीष यादव, पवन कुमार पाल और आकाश पाल फरार हैं, जिनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस लगातार दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

घटना के सफल अनावरण पर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।