वाराणसी : रील बनाने को लेकर युवकों में विवाद, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
वाराणसी। सोशल मीडिया पर मलदहिया मार्ग पर कुछ युवकों के बीच कहासुनी और हाथापाई का वीडियो सामने आने के बाद सिगरा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो में चार-पांच युवक रील बनाने को लेकर आपस में विवाद करते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे थे। पोस्ट में घटना को लेकर आम नागरिकों में मनबढ़ों के खौफ और पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाया गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना सिगरा पुलिस ने वीडियो में उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर मौके पर मौजूद युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवकों की पहचान शनि पुत्र सूर्यभान, निवासी मीरापुर बसही, थाना कैंट, हर्ष गुप्ता पुत्र नवनीत गुप्ता, निवासी गोला, थाना कोतवाली, फैज खान पुत्र आसिफ खान, निवासी लोहटिया, थाना कोतवाली और मो. नफीस पुत्र मो. नसीम, निवासी कचहरी, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है।
बताया गया कि मलदहिया मार्ग पर रील बनाने को लेकर युवकों के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। सिगरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में कार्रवाई के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने से ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी भी बढ़ी है।