वाराणसी : पुलिस के हत्थे चढ़ा ऑटो लिफ्टर गैंग, चोरी की चार बाइकें बरामद

रोहनियां पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। रोहनियां पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब चार बजे आर्यन स्कूल हाईवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ वहां खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की चार बाइक बरामद की गईं।

तीनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील गौड़ निवासी बालीपुर, रोहनिया, विनोद बंजारा उर्फ शेरे निवासी पहाड़ी गेट, मंडुवाडीह और मुन्नू गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता निवासी दूधुवां, चौबेपुर, हाल पता लठिया, रोहनिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुनील गौड़ के खिलाफ लंका और रोहनिया थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, विनोद बंजारा के खिलाफ भी चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना रोहनिया में मुकदमा संख्या 0319/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, चौकी प्रभारी अखरी धर्मेंद्र राजपूत, उप निरीक्षक नीरज कुमार और श्यामबाबू समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।