वाराणसी : चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस का अभियान, एक गिरफ्तार, 12 किलो मांझा बरामद
वाराणसी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मंडुवाडीह पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसके पास से 12 किलो चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
मंडुवाडीह पुलिस को 23 दिसंबर को सूचना मिली कि शिवदासपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर शिवदासपुर ब्लॉक रोड से अभियुक्त को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बलिराम राजभर पुत्र स्वर्गीय लल्लू राजभर, निवासी शिवदासपुर प्राण पोखरी, थाना मंडुवाडीह के रूप में हुई है। अभियुक्त के पास से कुल 12.642 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया, जो जनजीवन और पर्यावरण दोनों के लिए अत्यंत घातक माना जाता है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना मंडुवाडीह में मु0अ0सं0 0369/2025 के तहत धारा 293, 125, 223 बीएनएस तथा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा लंबे समय से प्रतिबंधित मांझे का अवैध व्यापार किए जाने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विवेक यादव, हेड कांस्टेबल दयाशंकर शर्मा, कांस्टेबल आलोक कुमार सरोज और कांस्टेबल धर्मवीर भारती शामिल रहे।