वाराणसी : गुमशुदा और अपहृत लोगों की बरामदगी को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी को लेकर वरुणा जोन पुलिस को सक्रिय और परिणामपरक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को गुमशुदगी एवं अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीसीपी ने कहा कि प्रत्येक गुमशुदगी अथवा अपहरण की सूचना पर परिस्थितियों के अनुरूप तत्काल अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू की जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। गुमशुदा या अपहृत व्यक्ति का हुलिया, नवीनतम फोटो, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट समेत अन्य आवश्यक विवरण तत्काल जुटाकर संबंधित थानों और पुलिस इकाइयों को उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस को मोबाइल नंबर, सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया सहित तकनीकी साक्ष्यों का नियमानुसार प्रभावी इस्तेमाल कर संभावित लोकेशन और आवागमन का पता लगाने को कहा गया है। इसके साथ ही परिजनों, मित्रों, सहपाठियों, सहकर्मियों और अन्य करीबी संपर्कों से पूछताछ कर सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, होटल-लॉज, अस्पताल समेत अन्य संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज तत्काल खंगालने और आवश्यक फुटेज सुरक्षित कराने को भी कहा गया है। दूसरे जनपद या राज्य में जाने की आशंका होने पर संबंधित पुलिस से तत्काल समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
नाबालिगों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है। वहीं, पहले से लंबित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा कर अब तक हुई कार्रवाई, संभावित शेष बिंदुओं और आगामी कार्ययोजना निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसीपी ने बरामदगी के लिए गठित टीमों को स्पष्ट टास्क देने तथा पर्यवेक्षण अधिकारियों को उनकी नियमित समीक्षा करने को कहा। बरामदगी के बाद आवश्यक बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य विधिक कार्रवाई तत्काल पूरी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
थाना स्तर पर लंबित मामलों की दैनिक समीक्षा और उच्चाधिकारी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी गई है।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी गुमशुदा अथवा अपहृत व्यक्ति की बरामदगी तक पुलिस के सतत, गंभीर और ठोस प्रयास जारी रहने चाहिए तथा प्रत्येक मामले में त्वरित और परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।