मुहर्रम से पहले वाराणसी पुलिस अलर्ट, ACP ने संवेदनशील इलाकों में किया भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दिए निर्देश 

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
 

वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ लकड़मंडी, जैतपुरा, दोषीपुरा, सिटी स्टेशन, गोलगड्डा और कजाकपुरा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान मुहर्रम के ताजिया जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता तथा पुलिस पिकेटों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।

शिवहरी मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर जनता से संवाद बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर मुहर्रम के दौरान शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी ताजिया जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्गों और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। बिना अनुमति किसी नए जुलूस, कार्यक्रम या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जुलूस मार्गों का पहले से भौतिक सत्यापन कर सड़क, विद्युत तार, प्रकाश व्यवस्था और अन्य संभावित बाधाओं को संबंधित विभागों के सहयोग से दूर कराया जाए।

मुहर्रम के मद्देनजर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों की अलग व्यवस्था तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से की जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सांप्रदायिक, भड़काऊ या विवादास्पद भाषण, नारेबाजी और प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार या खतरनाक वस्तुओं के प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार करने तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए जाएंगे। स्वास्थ्य, विद्युत और अग्निशमन विभागों को भी पूर्ण सतर्कता के साथ तैयार रहने को कहा गया है।

कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मुहर्रम पर्व को शांति, सुरक्षा और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।