वाराणसी : वाहन चोर गिरोह पर फूलपुर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक और दो मोबाइल बरामद
वाराणसी। गोमती जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत फूलपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलों और दो मोबाइल फोन के साथ तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उन्हें दबोच लिया।
थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रमईपुर मोड़ के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक तिवारी उर्फ नितिन, निवासी खालिसपुर थाना फूलपुर, नागेश उर्फ कुनाल विश्वकर्मा, निवासी नदोय थाना सिंधौरा तथा आकाश मिश्रा उर्फ विक्की, निवासी खालिसपुर थाना फूलपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो मोटरसाइकिल के अलावा वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपी किसी भी वाहन या मोबाइल से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। विवेक तिवारी ने स्वीकार किया कि सुपर स्प्लेंडर बाइक लगभग एक वर्ष पहले रामपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जबकि बरामद दोनों मोबाइल फोन उसने चलती ट्रेनों से चोरी किए थे। नागेश ने स्प्लेंडर प्लस को चांदमारी क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया, वहीं आकाश मिश्रा ने पैशन प्रो मोटरसाइकिल को करीब छह माह पहले भदोही के औराई क्षेत्र से चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था और वे उन्हें बेचने के उद्देश्य से निकले थे। पुलिस ने ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहनों के चेसिस नंबर का सत्यापन किया, जिसमें दो मोटरसाइकिलें पहले से दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाई गईं। तीसरी बाइक और बरामद मोबाइल फोन के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।