वाराणसी : मानदेय और बीमा की मांग को लेकर पैरावेट पशुमित्रों का प्रदर्शन, 5 अगस्त तक का दिया अल्टीमेटम, लखनऊ कूच की चेतावनी
वाराणसी। नियमित मानदेय, बकाया भुगतान और दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न मांगों को लेकर ऑल पैरावेट पशुमित्र समिति के सदस्यों ने सोमवार को विकास भवन परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पशुमित्रों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी लंबित मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रदेश भर के पैरावेट पशुमित्र पिछले करीब 15 वर्षों से पशुपालन विभाग के साथ विभिन्न योजनाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक नियमित मानदेय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उनका कहना है कि एफएमडी (FMD) राउंड-7 तथा पशु गणना का भुगतान भी पिछले दो वर्षों से लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने फील्ड में कार्य के दौरान होने वाले जोखिमों का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि टीकाकरण और पशुओं के उपचार के दौरान कई बार पशुमित्र घायल हो जाते हैं। ऐसे में दुर्घटना एवं स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में उन्हें इलाज का खर्च स्वयं न उठाना पड़े।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) को ज्ञापन दिया जा चुका है। अब जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 5 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो उत्तर प्रदेश के सभी पैरावेट पशुमित्र लखनऊ में पशु निदेशालय से विधानसभा तक भूख हड़ताल और व्यापक धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।