वाराणसी : कंदवा में कूड़ा गाड़ी सर्विस और चार्जिंग स्टेशन का विरोध, जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। नगर निगम क्षेत्र के कंदवा में काली माता मंदिर के समीप कूड़ा गाड़ियों के सर्विस, चार्जिंग स्टेशन और कूड़ा इलेक्ट्रिक प्वाइंट निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों में तीव्र विरोध देखने को मिल रहा है। मंगलवार को कंचनपुर स्थित हंसराज विश्वकर्मा के आवास पर प्रजापति समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष एकत्र हुए और अपनी आपत्तियों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
लोगों का कहना रहा कि जिस स्थान पर यह निर्माण प्रस्तावित है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सचिन प्रजापति ने बताया कि नगर निगम द्वारा खाली पड़ी भूमि पर कूड़ा गाड़ियों के लिए सर्विस स्टेशन और चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, प्रस्तावित स्थल के सामने एक विद्यालय स्थित है और आसपास बड़ी संख्या में आवासीय मकान हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में चिंता व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में दुर्गंध, प्रदूषण और शोर-शराबे की समस्या उत्पन्न हो सकती है। साथ ही कूड़ा वाहनों के लगातार आवागमन से यातायात दबाव बढ़ेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहेगी। खासतौर पर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। धार्मिक स्थल के समीप इस प्रकार की परियोजना को जनभावनाओं के प्रतिकूल बताते हुए इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधि से अनुरोध किया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और इसे किसी ऐसे स्थान पर स्थापित किया जाए, जो आबादी से दूर हो। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह ज्ञापन कंदवा क्षेत्र के समस्त निवासियों की ओर से सौंपा गया है और उन्हें उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाए जाएंगे।