वाराणसी : कांवड़ियों के लिए रिजर्व होगी हाईवे की एक लेन, जगह-जगह तैनात रहेगी पीआरवी, हर 4 किलोमीटर पर बनेगी अस्थायी पुलिस चौकी
वाराणसी। सावन में बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का रेला काशी में उमड़ेगा। इसको लेकर प्रशासन और पुलिस ने विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रयागराज से मंडुवाडीह तक हाईवे की एक लेन को कांवड़ियों के लिए रिजर्व किया जाएगा। वहीं हर चार किलोमीटर पर एक अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित होगी। प्रत्येक तीन किलोमीटर पर पीआरवी तैनात रहेगी। पुलिस कमिश्नर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर और डीएम ने भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालु शिविर बनाए जाएंगे। यहां भंडारे के साथ ही मेडिकल सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु 10 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात की जाएंगी, जो किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटेंगी। कांवड़ यात्रा मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की जाएगी।
मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख जलाशयों का जीर्णोद्धार एवं सफाई कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। स्नान एवं विश्राम स्थलों के निकट स्थित जलाशयों में सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कराई जाएगी। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, महिला पुलिस बल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।