पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में हाई अलर्ट, 50 केंद्रों पर छह पालियों में 1.32 लाख अभ्यर्थी, परीक्षा केंद्रों की होगी सख्त निगरानी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर शुक्रवार को यातायात लाइन सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में बताया गया कि पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को दो-दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिनों में कुल छह पालियों के दौरान 1,32,192 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।
बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश-निकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और अन्य तकनीकी संसाधन पूरी तरह सक्रिय रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नकल माफिया, सॉल्वर गैंग, फर्जी अभ्यर्थियों और प्रश्नपत्र लीक करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखने के लिए साइबर सेल और अभिसूचना इकाइयों को सक्रिय किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर अभ्यर्थियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सभी विभागों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने, केवल अनुमन्य सामग्री साथ लाने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करने का अनुरोध किया।