वाराणसी : कुख्यात हिस्ट्रीशीटर ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अनिल यादव उर्फ पट्टी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिल यादव उर्फ पट्टी वाराणसी के अपराध जगत का चर्चित नाम रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज थे। अपराध की दुनिया में सक्रिय रहने के कारण वह लंबे समय तक पुलिस की निगरानी में रहा। उसके खिलाफ पूर्व में 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अनिल यादव लक्सा थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 38ए दर्ज है। वह कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में भी आरोपी रहा है। गाजीपुर निवासी विद्यापीठ के एक छात्र की सिद्धगिरी बाग क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद वह काफी समय तक सुर्खियों में रहा।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और अपराध जगत से जुड़े लोगों के बीच भी विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं।