वाराणसी : नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरानी ने छठ से पहले अस्सी घाट पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए निर्देश 

छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम की जिम्मेदारी संभालने के दूसरे ही दिन नवनियुक्त नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी रविवार सुबह अस्सी घाट पहुंचे। उन्होंने घाट पर छठ पूजा की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
 

कार्यभार संभालने के दूसरे दिन ही दिखे सक्रिय, चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा

वाराणसी। छठ महापर्व पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम की जिम्मेदारी संभालने के दूसरे ही दिन नवनियुक्त नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी रविवार सुबह अस्सी घाट पहुंचे। उन्होंने घाट पर छठ पूजा की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने घाट पर महिला चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई के साथ सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि अस्सी घाट पर महिला चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, सफाई और पीने योग्य पानी की व्यवस्था देखी गई है। बैरिकेडिंग और सफाई के लिए टीमें सुबह से ही लगी हुई हैं। घाट पर सफाई व्यवस्था ठीक मिली है। कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पेयजल के टैंकर भी जल्द घाटों पर लगवाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, सेनेटरी ऑफिसर, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

घाटों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
छठ पूजा के मद्देनजर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने भी घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती, निगरानी और अन्य सुरक्षा इंतजामों को परखा। पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और संबंधित थानों के पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण और निगरानी करेंगे, ताकि भीड़ के बीच किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।