वाराणसी : नए नियुक्त होने वाले महिला और पुरुष आरक्षियों का माला पहनाकर हुआ स्वागत, उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामानाएं
वाराणसी। सिगरा थाने में नई नियुक्ति के तहत पहुंचे 80 पुलिसकर्मियों का गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। इनमें 40 महिला पुलिसकर्मी और 40 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस अवसर पर थाना प्रभारी सिगरा समेत थाने के सभी उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों ने माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर नवागंतुकों का अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे थाने का माहौल उत्साहपूर्ण और उत्सव जैसा नजर आया। वरिष्ठ अधिकारियों ने नए पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सेवा जनता की सुरक्षा और विश्वास से जुड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना आवश्यक है।
उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने नए साथियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।