वाराणसी : निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय और मानकों के अनुरूप पूरे हों सभी प्रोजेक्ट, डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश 

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में संचालित सभी निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और विभागीय अधिकारी स्वयं परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में संचालित सभी निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और विभागीय अधिकारी स्वयं परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत तथा सांसद निधि से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपी सिडको, यूपीपीसीएल, राज्य सेतु निगम, राजकीय निर्माण निगम, आवास विकास परिषद और नगर निगम सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन परियोजनाओं की समीक्षा की जिनकी भौतिक प्रगति अपेक्षाकृत कम है या जो निर्धारित समय सीमा से पीछे चल रही हैं। उन्होंने स्वीकृत धनराशि, अवमुक्त बजट तथा उसके सापेक्ष कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विवरण समयबद्ध तरीके से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट किया जाए, ताकि शासन स्तर पर वास्तविक स्थिति परिलक्षित हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी परियोजना के निर्माण में भूमि, तकनीकी या अन्य प्रकार की बाधा आती है तो उसे तत्काल जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, जिससे उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनके लिए अलग से बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने दोहराया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।