वाराणसी : एनडीआरएफ की तत्परता से गंगा में डूब रहे युवक की बची जान, दांडी घाट पर समय रहते किया रेस्क्यू
वाराणसी। गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रहे एक युवक की जान 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से बच गई। दांडी घाट पर नियमित पिकेट और पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान तैनात एनडीआरएफ टीम ने कुछ ही मिनटों में रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक कार्रवाई की घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने सराहना की।
गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे दांडी घाट पर एनडीआरएफ के जवान नियमित निगरानी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पास में मौजूद बचावकर्मी बिना समय गंवाए नदी में कूद पड़े और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एनडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने तेजी और कुशलता से युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला और तट पर लाकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। बचाए गए युवक की पहचान रिशुराज (20 वर्ष), पुत्र सतीश कुमार पटेल, निवासी नालंदा, बिहार के रूप में हुई। समय पर किए गए बचाव अभियान के कारण उसकी जान बच गई।
एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने आमजन से अपील की कि नदियों और अन्य जलाशयों में स्नान अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान जल सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने, चेतावनी संकेतों पर ध्यान देने तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।