वाराणसी : राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार 

मिर्जामुराद क्षेत्र के आषाढ़ गांव में शुक्रवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिलने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के आषाढ़ गांव में शुक्रवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिलने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने गांव के सामने बांस की कोठी के पास मोर का शव पड़ा देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने शव का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने राजकीय सम्मान के साथ राष्ट्रीय पक्षी मोर का अंतिम संस्कार कराया। प्रथम दृष्टया अधिकारियों का मानना है कि मोर पर आवारा कुत्तों ने हमला किया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

वन विभाग के डिप्टी रेंजर संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण सामने आते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।