वाराणसी नगर निगम की पहल: अब ऑनलाइन होगा मकानों का नामांतरण, घर बैठे कर सकेंगे आवेदन

नगर निगम ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए मकानों के नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब लोग घर बैठे ही नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट nnvns.org.in पर प्रोफाइल बनाकर नामांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
 

वाराणसी। नगर निगम ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए मकानों के नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब लोग घर बैठे ही नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट nnvns.org.in पर प्रोफाइल बनाकर नामांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

नगर निगम के अनुसार, इस सुविधा के तहत 100 रुपये का आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के बाद अधिकतम 45 दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि नामांतरण से जुड़ी शिकायतों और नए निर्माण या पुनर्निर्माण की स्थिति में भी नगर निगम 60 दिनों के भीतर स्वप्रमाणित प्रपत्र (फॉर्म-1) भरवाकर निस्तारण करेगा। इसके लिए संपत्ति के क्षेत्रफल के आधार पर शुल्क तय किया गया है।

शुल्क की बात करें तो 1000 वर्ग फीट तक के मकान के लिए 1000 रुपये, 1001 से 2000 वर्ग फीट तक के लिए 2000 रुपये, 2001 से 3000 वर्ग फीट तक के लिए 3000 रुपये और 3000 वर्ग फीट से अधिक क्षेत्रफल पर 5000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

साथ ही, शासन के निर्देश पर नगर निगम (निर्धारण में संशोधन और परिवर्तन) उपविधि 2024 का नया ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया गया है। इसके तहत यदि संपत्ति के क्रय-विक्रय (रजिस्ट्री) के तीन माह के भीतर नामांतरण के लिए आवेदन किया जाता है तो विलंब शुल्क नहीं देना होगा। वहीं छह माह से अधिक देरी होने पर निर्धारित शुल्क का आठ प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।