वाराणसी नगर निगम ने माफ किया 1.96 लाख भवन स्वामियों का सीवर और जल कर सरचार्ज, राहत
वाराणसी। नगर निगम ने शहर के 1.96 लाख भवन स्वामियों का सीवर व जल कर सरचार्ज माफ करने का निर्णय लिया है। यह छूट एक महीने तक मिलेगी। इसके बाद करदाताओं को दो माह के सरचार्ज के साथ भुगतान का मौका दिया जाएगा। तय समयसीमा बीतने के बाद नगर निगम नोटिस जारी कर बकाया वसूल करेगा।
महापौर अशोक तिवारी की अगुवाई में नगर निगम की बैठक हुई। उसमें इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। नगर निगम सदन से मंजूरी मिलने के बाद व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इस छूट का लाभ नगर निगम के 1.96 लाख भवन स्वामियों को मिलेगा। वे बिना सरचार्ज के बी बकाये का भुगतान कर सकते हैं।
15 फीसद धनराशि देनी होती है सरचार्ज
सीवर व जल कर कुल बकाये की 15 फीसदी धनराशि सरचार्ज के रूप में देनी पड़ती है। सीवर पर चार फीसद तो जलकर पर 11 फीसद धनराशि का भुगतान करना पड़ता है। वाराणसी में सीवर व जलकर के रूप में 112 करोड़ रुपये वसूल किए जाने हैं। कार्यकारिणी की मीटिंग में 843 करोड़ का बजट पास किया गया, जिससे शहर में विकास कार्य कराए जाने हैं।
कर के दायरे में आएंगे होटल और लाज
नगर निगम होटल व लाज को कर के दायरे में लाएगा। कार्यकारिणी की मीटिंग में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होटल, लाज, सराय, स्टे होम, गेस्टहाउस व छात्रावास का भी मुद्दा उठा। इसके लिए नए सिरे से सर्वे कर कर बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
पार्षदों की निधि होगी 25 लाख
नगर निगम के पार्षदों की निधि को बढ़ाकर अब 25 लाख कर दिया गया है। पार्षद अब 20 लाख के स्थान पर बढ़ाकर 25 लाख तक के विकास कार्यों के प्रस्ताव दे सकते हैं।
पहली बार खुद तय करने दें गृहकर
मीटिंग में यह भी प्रस्ताव आय कि जो भवन स्वामी पहली बार नगर निगम को गृहकर देने जा रहे हैं, उन्हें खुद गृहकर तय करने दें। इससे भवन स्वामी प्रेरित होंगे। वह कर निर्धारण कर जमा कराएंगे।