वाराणसी नगर निगम की नई पहल: सोलर पैनल लगाने वालों को संपत्ति कर में अतिरिक्त 10% छूट, डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया और ग्रीन एनर्जी अभियान को गति देते हुए वाराणसी नगर निगम ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की है। अब पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने भवनों पर सोलर पैनल स्थापित कराने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। इस सुविधा को नगर निगम के एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट से भी जोड़ दिया गया है, जिससे करदाता घर बैठे ही अपनी पात्रता सत्यापित कर छूट का लाभ उठाते हुए टैक्स जमा कर सकेंगे।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया और ग्रीन एनर्जी अभियान को गति देते हुए वाराणसी नगर निगम ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की है। अब पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने भवनों पर सोलर पैनल स्थापित कराने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। इस सुविधा को नगर निगम के एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट से भी जोड़ दिया गया है, जिससे करदाता घर बैठे ही अपनी पात्रता सत्यापित कर छूट का लाभ उठाते हुए टैक्स जमा कर सकेंगे।

नगर निगम ने इंडसइंड बैंक के तकनीकी सहयोग से एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट और क्यूआर कोड आधारित भुगतान व्यवस्था शुरू की है। इस डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य करदाताओं को निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और पारदर्शी एवं आसान कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराना है। अब नागरिक केवल नगर निगम द्वारा जारी क्यूआर कोड स्कैन कर व्हाट्सएप नंबर 86018 72601 पर ‘Hi’ संदेश भेजकर अपना डिजिटल बिल प्राप्त कर सकते हैं। इसी प्लेटफॉर्म पर सोलर पैनल का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से पात्र उपभोक्ता अतिरिक्त छूट का लाभ लेकर सुरक्षित भुगतान कर सकते हैं और तत्काल रसीद डाउनलोड कर सकते हैं।

नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से 1 जुलाई तक 51,185 करदाताओं ने कुल 33.94 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। इनमें से 20,158 करदाताओं ने यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल माध्यमों से 16.18 करोड़ रुपये से अधिक का कर जमा किया। वहीं, एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए 1,627 नागरिकों ने 1.11 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर जमा कर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर के लगभग 2.33 लाख भवन स्वामियों को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि समय से कर जमा करने वाले नागरिकों को 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यदि करदाता डिजिटल माध्यम से भुगतान करते हैं तो उन्हें दो प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत भी मिलेगी, जिससे कुल छूट 12 प्रतिशत हो जाती है।

उन्होंने बताया कि अब सोलर पैनल लगाने वाले भवन स्वामियों को मिलने वाली 10 प्रतिशत अतिरिक्त छूट से उन्हें और अधिक लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए संपत्ति कर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन करदाताओं ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच कर जमा किया है, उनकी अतिरिक्त छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष के कर बिल में समायोजित कर दी जाएगी। नगर निगम ने अधिक से अधिक नागरिकों से समय पर कर जमा कर उपलब्ध रियायतों का लाभ उठाने की अपील की है।