वाराणसी : नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 750 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, व्यापारी पर 50 हजार जुर्माना
वाराणसी। नगर निगम की ओर से प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और व्यापार पर कड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में कबीरचौरा क्षेत्र में एक सगड़ी चालक को प्रतिबंधित प्लास्टिक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह सामग्री औरंगाबाद स्थित विजय प्लास्टिक नामक दुकान से लेकर आया है।
इस सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजय प्लास्टिक की दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान लगभग 30 बोरी प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई, जिसका कुल वजन करीब 750 किलोग्राम पाया गया। नगर निगम ने प्लास्टिक के अवैध भंडारण और व्यापार को गंभीरता से लेते हुए दुकानदार पर 50,000 का जुर्माना भी लगाया।
नगर निगम ने इस कार्रवाई के जरिए शहरवासियों को यह सख्त संदेश दिया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और व्यापार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।