वाराणसी : बकरीद पर नगर निगम के पुख्ता इंतजाम, 79 स्थानों पर विशेष सफाई और अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था

बकरीद को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्टों के त्वरित एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए नगर निगम ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। निगम प्रशासन ने शहर के 79 संवेदनशील और प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई व्यवस्था लागू की है।
 

वाराणसी। बकरीद को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्टों के त्वरित एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए नगर निगम ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। निगम प्रशासन ने शहर के 79 संवेदनशील और प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई व्यवस्था लागू की है।

नगर निगम द्वारा चिह्नित स्थलों से कूड़ा और अपशिष्ट हटाने के लिए 94 वाहनों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इनमें डीपी कंटेनर, कंपैक्टर, हापर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोडर और डंपर शामिल हैं। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कूड़ा वाहनों को तिरपाल से ढककर ही संचालित किया जाए, ताकि रास्तों में गंदगी न फैले और लोगों को असुविधा न हो।

नगर निगम ने जैतपुरा, अलईपुरा और बजरडीहा जैसे संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी व्यवस्था की है, जहां बकरीद के दौरान बड़े स्तर पर कुर्बानी होती है। इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 95 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और आठ सफाई सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा नाला गैंग के कर्मचारियों को भी विशेष रूप से लगाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की जलनिकासी या गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।

अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए करसड़ा प्लांट पर विशेष गड्ढे तैयार किए गए हैं। यहां 24 घंटे निगरानी और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। निगम प्रशासन ने बताया कि अलग-अलग दिनों में निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि व्यवस्था लगातार सुचारु बनी रहे।

दुर्गंध और संक्रमण से बचाव के लिए नगर निगम ने कीटनाशक और सफाई सामग्री का भारी भंडारण भी किया है। इसमें 1200 बोरी मैलाथियान पाउडर, 700 बोरी ब्लीचिंग पाउडर, 50 टन चूना पाउडर, 500 लीटर फिनायल और 15 टन खड़ा नमक शामिल है। कूड़े के निस्तारण के बाद मशीनों की सहायता से मिट्टी की कैपिंग भी की जाएगी। जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम में विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां नागरिक सफाई या अपशिष्ट निस्तारण से जुड़ी समस्याओं की सूचना दे सकेंगे।