वाराणसी : नगर निगम ने कैंट स्टेशन के सामने चलाया अभियान, अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा, दुकानदारों पर लगाया जुर्माना, कार्रवाई से मचा हड़कंप
वाराणसी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सामने और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से रखे गए सामान तथा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया। नगर निगम की कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान नगर निगम की अतिक्रमण प्रवर्तन टीम ने सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा कर व्यापार करने वाले कई दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके पर ही आर्थिक दंड भी लगाया। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला और उन्हें भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं। इन स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी परेशानी का कारण बनता है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करते हुए पाए गए तो केवल जुर्माना ही नहीं लगाया जाएगा, बल्कि अवैध रूप से किए गए निर्माण और अतिक्रमण को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़कों को बाधा मुक्त बनाना, यातायात को सुचारु रखना तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी व्यापारियों से नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचने की अपील की, ताकि शहर की व्यवस्था बेहतर बनी रहे।