वाराणसी : नगर आयुक्त ने आदिकेशव घाट का लिया जायजा, साफ-सफाई व्यवस्था देखी, दिए निर्देश 

नगर निगम प्रशासन की ओर से “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आदि केशव घाट का सघन निरीक्षण किया और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश दिए। 
 

वाराणसी। नगर निगम प्रशासन की ओर से “स्वच्छ काशी-सुंदर काशी” के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आदि केशव घाट का सघन निरीक्षण किया और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश दिए। 

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि घाटों की स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखना चाहिए। उन्होंने घाटों पर चौबीसों घंटे साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित रूप से कूड़ा उठान एवं झाड़ू लगाने की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने घाट परिसर में स्थित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देशित किया कि शौचालयों की साफ-सफाई उच्च स्तर की होनी चाहिए और इसे समयबद्ध तरीके से बनाए रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसुविधाओं के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमांशु नागपाल ने कहा कि “आदि केशव घाट हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सफाई निरीक्षकों को नियमित निगरानी करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।