वाराणसी : तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, 100 मीटर तक घसीटा, मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव स्थित किसान इंटर कॉलेज के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर बाइक सवार को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में उनका बायां पैर शरीर से अलग होकर सर्विस रोड पर जा गिरा। घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब 30 मिनट तक आवागमन बाधित रहा।
 

किसान इंटर कॉलेज के सामने हुआ हादसा, शरीर से अलग होकर सर्विस रोड पर गिरा बायां पैर, चालक डंपर लेकर फरार

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव स्थित किसान इंटर कॉलेज के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर बाइक सवार को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में उनका बायां पैर शरीर से अलग होकर सर्विस रोड पर जा गिरा। घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब 30 मिनट तक आवागमन बाधित रहा।

भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बाबूसराय, नारायणपुर निवासी ओमप्रकाश बिंद (46) बनारस में वॉलपेपर लगाने का काम करते थे। बुधवार रात काम समाप्त करने के बाद वह अपने साथी गोपीगंज निवासी अखिलेश सरोज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों अभी मिर्जामुराद के गौर गांव स्थित किसान इंटर कॉलेज के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी बाल-बाल बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद डंपर ओमप्रकाश को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इसके बाद चालक डंपर लेकर सर्विस रोड के रास्ते प्रयागराज की ओर भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना से नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे व सर्विस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ओमप्रकाश अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वॉलपेपर लगाने का काम कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।