वाराणसी : स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर हुआ हादसा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर डुबकियां स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार दोपहर तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सीएचसी परिसर से बाहर निकलते ही घायल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। डुबकियां स्थित पेट्रोल पंप से स्कार्पियो में डीजल भराया गया था। इसके बाद चालक वाहन लेकर हाईवे पर निकल रहा था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से गाजीपुर की तरफ जा रहे बाइक सवार को स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल परिसर से बाहर निकलते ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान अजय उर्फ मुन्ना सिंह (40) पुत्र विजय शंकर, निवासी बराई, चौबेपुर के रूप में की। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि फरार स्कार्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वाहन की पहचान के लिए पेट्रोल पंप के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।