वाराणसी : फरीदपुर में बनेगा आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन, वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी करने के लिए नगर निगम फरीदपुर में आधुनिक साइंटिफिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण करा रहा है। स्टेशन के शुरू होने से शहर से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्कीकरण और पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण संभव हो सकेगा।
 

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और मजबूती की जांच के लिए मांगी हर चरण की रिपोर्ट

वाराणसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी करने के लिए नगर निगम फरीदपुर में आधुनिक साइंटिफिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण करा रहा है। स्टेशन के शुरू होने से शहर से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्कीकरण और पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण संभव हो सकेगा।

रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माणाधीन ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों, बाउंड्रीवॉल और शेड निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कार्यदायी संस्था और विभागीय अभियंताओं को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि निर्माण के प्रत्येक चरण की कंप्लीशन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। परियोजना की मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियर से हर चरण की स्ट्रेंथ रिपोर्ट भी मंगाने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

खुले में कचरा डंपिंग से मिलेगी राहत
आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन बनने से आसपास के क्षेत्रों में खुले में कचरा डंप होने की समस्या कम होगी। इससे बदबू और प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। व्यवस्था के तहत घर-घर से एकत्र कचरे को स्टेशन पर लाकर कंपैक्ट किया जाएगा। इसके बाद उसे वैज्ञानिक निस्तारण संयंत्रों तक भेजा जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य इस व्यवस्था के माध्यम से कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करना और शहर की स्वच्छता को मजबूत करना है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।