वाराणसी : नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला इलाके में रहने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें की। वहीं विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के पिता ने भेलूपुर थाने में लिखित तहरीर देकर पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी को दी गई तहरीर के अनुसार, शिवाला के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उनके मकान की ऊपरी मंजिल पर सिद्धार्थ उर्फ बाबू साहनी किराए पर रहता है। आरोप है कि सिद्धार्थ आए दिन उनकी 15 वर्षीय बेटी के साथ छेड़खानी करता था। हद तो तब हो गई जब शुक्रवार को छात्रा अपने स्कूल जा रही थी। रास्ते में आरोपी सिद्धार्थ ने उसे जबरन रोक लिया और हाथ पकड़कर साथ चलने का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता ने जब खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी ने दुस्साहस दिखाते हुए छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। इसके बाद आरोपी ने किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक घटना से डरी-सहमी छात्रा स्कूल न जाकर रोते हुए घर लौटी और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपी सिद्धार्थ खुद के और अपने दोस्तों के अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पीड़िता पर फोन करवाकर लड़की के बारे में आए दिन अश्लील बातें करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
थाना प्रभारी का बयान पीड़ित परिवार की तरफ से लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे बेहद गंभीरता से ले रही है। दिए गए मोबाइल नंबरों और आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं (पॉक्सो एक्ट सहित) में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।