वाराणसी : बेसमेंट में डूबने से मासूम की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम, बिल्डर पर कार्रवाई की मांग
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बड़ी पाटिया इलाके में रविवार को दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। त्रिदेव ग्रुप द्वारा दो साल पहले अपार्टमेंट निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा भरा नहीं गया था। घटना के बाद कोहराम मच गया। नाराज परिजनों और वार्डवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। वहीं बिल्डर पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना के बाद पहुंचे कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार लोगों को समझाने में जुटे रहे।
दीपक कुमार का इकलौता पुत्र आदर्श कुमार मंगलवार को घर पीछे खेल रहा था। उसी दौरान त्रिदेव ग्रुप की ओर से खोदकर छोड़े गए गड्ढे में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने गड्ढे से पानी का बुलबुला निकलते देखा तो संदेह के आधार पर पानी में कूदकर खोजबीन की। आदर्श को बाहर निकाला और तत्काल डाक्टर के पास ले गए। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बड़ी पाटिया-ककरमत्ता मार्ग पर मृतक का शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी त्रिदेव ग्रुप के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, इंस्पेक्टर सुधीर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। सूचना के दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अपार्टमेंट के बगल में बनाए गए गड्ढे को भरवाने के लिए कई बार त्रिदेव ग्रुप के कर्मचारियों से गुहार लगाई गई थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
आदर्शन के पिता दीपक साड़ी बुनाई का काम करते हैं। वहीं मां खुशी घरों में बर्तन धोने का काम करती है। दादा नत्थू सगड़ी चलाते हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।